पुलिस ने उत्तरायणी मेले में 21 जनवरी की रात हुई चोरी का खुलासा कर लिया है। आरोपी युवक के पास से 50 हजार रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। सर्विलांस के जरिए पकड़ा गया युवक पहले भी एक लूट के मामले में वांछित चल रहा था।
उत्तरायणी मेले के दौरान जिला पंचायत परिसर में लगी बबीता रायपा की दुकान से 21 जनवरी की रात को 1.40 लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया था। महिला व्यापारी ने 22 जनवरी को अज्ञात चोर के खिलाफ बागेश्वर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रविवार को सीओ वीर सिंह ने चोरी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दुकान से चोरी बनखोला निवासी हिमांशु आर्या ने की थी। आरोपी युवक चोरी करने के अगले दिन ही शहर से बाहर चला गया था। दो दिन पूर्व ही वह बागेश्वर लौटा। युवक को गिरफ्तार करने के बाद चोरी के 50,510 रुपये और महिला का आधार कार्ड बरामद हुआ है।
सीओ ने बताया कि आरोपी मोटरसाइकिल चोरी और 29 नवंबर 2017 को घर लौट रहे व्यापारी राजेंद्र कर्नाटक से हुई लूट के मामले में भी वांछित था। आरोपी से लूट से संबंधित एक बैग, मोबाइल फोन, पैन कार्ड सहित तमाम दस्तावेजों वाला पर्स भी बरामद किया गया।
आरोपी ने व्यापारी से लूटे गए रुपयों में से पांच हजार का मोबाइल खरीदने की बात कबूली है। इसी फोन को वह इन दिनों इस्तेमाल कर रहा था। सीओ ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
आरोपी युवक को पकड़ने वाली टीम में कोतवाल टीआर वर्मा, एसएसआइ उमेश राम आर्या, एसआइ राजेंद्र सिंह, जीवन चुफाल, कांस्टेबल वीरेंद्र गैड़ा, महेंद्र सिंह शामिल रहे।