पुलिस को आरे बाइपास के समीप सरयू के किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव मिलने से वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पंचायतनामा भरा और जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
एसआई मदन मोहन जोशी के अनुसार सोमवार सुबह आरे बाइपास निवासी रणजीत सिंह ने सूचना दी कि सरयू के किनारे एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पुलिस को उसके जेब से मिली वोटर आईडी के अनुसार मृतक झड़कोट गांव का कुंदन राम (37) पुत्र गोपाल राम था। सूचना मिलने पर मृतक का भाई पूरन राम ने मौके पर आकर अपने भाई की शिनाख्त की। पुलिस ने बताया कि मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। वह सोमवार अपराह्न घर से अचानक गायब हो गया था।
परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। मृतक की जेब से वोटर आईडी, पासपोर्ट साइज की एक फोटो और 370 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि मामले में किसी ने भी कोई आशंका नहीं जताने पर प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई है। अलबत्ता मामले की अपने स्तर से जांच शुरू कर दी गई है।