सानीउडियार के पटवारी पर ग्रामीण ने हमला कर दिया। पटवारी के मुंह से खून निकल गया। कानूनगो ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ कई धाराओें में प्राथमिकी दर्ज कर ली और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
तहसीलदार मोहनराम ने बताया रविवार की सुबह सानी उडियार के पटवारी 55 वर्षीय अमरनाथ गोस्वामी चौकी से कुछ दूरी पर खड़े थे। इसी बीच सिमकुना के मड़ गोपेश्वर निवासी 43 वर्षीय हरीश सिंह जीप से उतरा। उसने पटवारी पर हमला कर दिया। उसने चेहरे पर कई घूंसे मारे, जिससे पटवारी के मुंह से खून निकल आया। ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। अमरनाथ ने अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। साथ ही मेडिकल कराया।
इसके बाद उन्होेंने विभाग के अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी। कानूनगो चंद्र सिंह हरकोटिया ने पटवारी अमरनाथ गोस्वामी की ओर से हरीश सिंह के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा पैदा करने आदि अभियोगों में धारा 332, 333, 353, 504 और 506 के तहत प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।
पटवारी ने बताया कि हरीश सिंह का पूर्व मेें दीवान सिंह नामक व्यक्ति के साथ विवाद हुआ। इस मामले में उन्होंने हरीश सिंह का शांति भंग के मामले में चालान किया था। इसी बात की रंजिश के चलते उसने हमला किया।