कपकोट तहसील के एक गांव में युवक ने पड़ौस के घर में घुसकर महिला से बलात्कार का प्रयास किया। महिला ने युवक के चंगुल से किसी तरह भागकर अपनी आबरू बचाई। घटना से डरी सहमी महिला ने 10 दिन बाद थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छह मार्च की रात को कपकोट के तोली गांव में कुल देवता की पूजा थी। परिवार के सभी सदस्यों के पूजा में चले जाने से महिला घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही एक युवक मुन्ना गड़िया जबरन घर में घुस गया और उसे खेत में ले गया। जहां पर उसके साथ बलात्कार करने का प्रयास किया, लेकिन किसी तरह महिला उसके चंगुल से छूटकर अपनी आबरू बचाने में कामयाब रही। घटना से डरी सहमी महिला ने किसी से भी इसका जिक्र नहीं किया। आखिरकार पति को जब घटना का पता चला तो दोनों ने गुरुवार को कपकोट थाने पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने आरोपी मुन्ना गड़िया के खिलाफ धारा 354 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई लक्ष्मी प्रसाद उपाध्याय कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी की जल्दी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।