कौसानी(बागेश्वर)। कैंटर से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पीछा करने पर कैंटर चाय फैक्ट्री के समीप खड़ा मिला जबकि चालक वहां से गायब था। पुलिस आरोपी चालक की धरपकड़ के प्रयास में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम लगभग 5.45 बजे अल्मोड़ा जिले के ल्वेशाल गांव निवासी देव सिंह(38) पुत्र मंगल सिंह कौसानी बाजार में एटीएम से पैसे निकालकर घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पर्यटक पार्क के सामने बागेश्वर की ओर जा रहे कैंटर संख्या यूके 04-सीए 9901की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद चालक कैंटर को लेकर मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुुंची कौसानी थाना पुलिस ने कैंटर का पीछा किया। पीछा करने पर कैंटर चाय फैक्ट्री के पास खड़ा मिला जबकि चालक फरार हो गया था। घटनास्थल के सोमेश्वर थाना क्षेत्र में आने के कारण सोमेश्वर पुलिस को सूचना दी गई। सोमेश्वर से थानाध्यक्ष विशन लाल ने मौके पर पहुंचकर मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कैंटर को कब्जे में ले लिया। मृतक देव सिंह दिल्ली में नौकरी करता था मंगलवार को ही वह दिल्ली से छुट्टी में घर आया था। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय बिजली नहीं होने से बाजार में अंधेरा था।