बागेश्वर। डीएम ने पुलिस प्रशासन को अवैध शराब और अन्य नशीली वस्तुओं का व्यापार करने वालों के साथ ही असामाजिक तत्वों का भी पूरा रिकार्ड रखने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने ऐसे लोगों पर पुलिस को कड़ी नजर रखने को कहा है।
जिले में आए दिन अवैध रूप से शराब सहित अन्य नशीली वस्तुओं की तस्करी के मामले सामने आते रहते हैं। कई तस्कर अवैध रूप से गांवों और कस्बों तक शराब की तस्करी कर रहे हैं। चरस तस्करी के मामले भी पकड़ में आते रहते हैं।
इसके अलावा मारपीट, चोरी, लूटपाट और बलवा की घटनाएं भी होती रहती हैं। डीएम रंजना राजगुरु ने इस पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। डीएम ने अवैध रूप से शराब सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त तत्वों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पूरा रिकार्ड तैयार रखने को कहा है।
उन्होंने अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों की भी कड़ी निगरानी करने को लेकर पुलिस को निर्देशित किया है। डीएम ने पुलिस को बलवा, अपराध जैसे मामलों में निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा है।