बागेश्वर। झिरौली थाना अंतर्गत ग्राम आंवलीगाड़ निवासी नीमा जोशी की संदिग्ध अवस्था में हुई मौत मामले में आरोपी पति, सास सहित पांच लोग अब भी गिरफ्त से बाहर हैं। इनपर विवाहिता की हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पांच दिन पूर्व आंवलीगाड़ निवासी विवाहिता नीमा जोशी पत्नी राजेंद्र जोशी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। मृतका के पिता चंद्र दत्त जोशी निवासी कयाला, अल्मोड़ा ने पति, सास सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इधर विवाहिता की मौत से नाराज विभिन्न संगठनों ने कहा है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ने का हौसला नहीं कर रही है।
मामले की जांच कर रहे एसआई हरीश जोशी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार मृतका के शरीर में जहर की मात्रा होने के कारण उसकी मौत हुई है। जांच के लिए सेंपल विसरा के लिए भेजा गया है।