बागेश्वर। 15 से 17 आयुवर्ग के टीकाकरण में बागेश्वर जिले ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस आयु वर्ग के शत प्रतिशत लोगों को कोविड का पहला टीका लग गया है। 12 से 14 वर्ष आयु में जिले को प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग के जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पीएस जंगपांगी ने बताया कि जिले में 15 से 17 आयु वर्ग के 13996 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। जिले में 14063 को पहला टीका लग गया है यानि कि 100.5 प्रतिशत लोगों को टीके की पहली डोज लगाई जा चुुकी है। इस आयु वर्ग के 12856 (91.4 प्रतिशत) को टीके की दूसरी डोज लग गई है।
उन्होंने बताया कि 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 8734 को टीका लगना था। 8434 (96.4 प्रतिशत) को टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। इस आयु वर्ग के 36021 (43 प्रतिशत) को टीके की दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रीकॉशन टीकाकरण में जिले का अच्छा प्रदर्शन है। जिले में 40713 को टीके लगने थे। 20158 (49.54 प्रतिशत) को टीके लग चुके हैं। उन्होंने बताया कि 05 से 12 वर्ष के बच्चों को टीका लगाने का निर्णय सरकार ने लिया है। इसके लिए शासन की गाइडलाइन अभी नहीं मिली है। विभाग टीकाकरण के लिए तैयार है। गाइडलाइन मिलते ही इस आयु वर्ग के बच्चों को टीका लगाया जाएगा।