बागेश्वर के नुमाइशखेत के पास सड़क से नीचे लटकी कार, सरयू किनारे गिरी स्कूटी।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नुमाइशखेत के पास शुक्रवार को एक अनियंत्रित कार की टक्कर से सड़क किनारे खड़ी स्कूटी नदी तट पर जा गिरी। कार रेलिंग को तोड़ते हुए सड़क से नीचे लटक गई।
शुक्रवार दोपहर करीब सवा दो बजे नुमाईशखेत मैदान की ओर से ढलान पर आ रही एक कार अनियंत्रित हो गई। कार नुमाइशखेत-विकास भवन रोड पर खड़ी स्कूटी को टक्कर मारते हुए रेलिंड पर लटक गई। स्कूटी सीधे सरयू नदी के किनारे जा गिरी। स्कूटी को काफी नुकसान पहुंचा है। सड़क किनारे बनी रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार रेलिंग पर नहीं अटकती तो सीधे नदी में जा गिरती। कार सवार को भी जानमाल का नुकसान हो सकता था। हादसे के समय सड़क पर कोई मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों नुमाईशखेत मैदान में देवी और दुर्गा महोत्सव का आयोजन चल रहा है। नुमाईशखेत की सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित होनी चाहिए। इधर, कोतवाली प्रभारी डीआर वर्मा का कहना है कि घटना की फोन पर सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। घटना की किसी भी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। संभवतया दोनों पक्षों में समझता हो गया होगा।