बागेश्वर। गरुड़ तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने ग्राम प्रशासक पर पेयजल कनेक्शन देने के नाम पर 25 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर मामले की जांच करने की मांग की है।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंची उमा देवी ने बताया कि उनके गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत पेयजल लाइन का निर्माण हुआ है। पेयजल संयोजन के लिए तीन माह पूर्व जल निगम में आवेदन किया था।
आवेदन के तीन महीने तक उन्हें ठेकेदार के पास समय नहीं होने और समय होने के बाद कनेक्शन देने का आश्वासन दिया गया था। तीन माह बाद जल निगम के जेई ने उन्हें बताया कि योजना ग्राम पंचायत के अधीन है। उन्होंने पेयजल कनेक्शन के लिए ग्राम प्रशासक को आवेदन किया। ग्राम प्रशासक ने कनेक्शन के लिए रुपये की मांग की। इधर, ग्राम प्रशासक ने आरोपों को नकारा है।