बागेश्वर। लोकसभा चुनाव में राज्य निर्वाचन विभाग ने जिले में 72.14 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य तय किया है। इसके सापेक्ष निर्वाचन विभाग 72.8 प्रतिशत मतदाताओं को वोट करने की शपथ दिलवा चुका है।
स्वीप की टीम ने जिले के सभी 381 मतदान केंद्रों में जाकर मतदाताओं को वोट डालने की शपथ दिलाई। प्रवासियों को भी ऑनलाइन माध्यम से जागरूक किया। चुनाव के लिए बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 192 और कपकोट में 189 समेत कुल 381 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। बागेश्वर में 1,17,477 और कपकोट में 99512 समेत कुल 2,16,989 मतदाता पंजीकृत हैं। 2019 के लोस चुनाव में जिले का मतदान प्रतिशत 57.14 प्रतिशत रहा था। फरवरी के दूसरे सप्ताह से स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी कैलाश प्रकाश चंदोला और आलोक पांडेय के निर्देशन में दोनों विधानसभा क्षेत्रों में स्वीप की अलग-अलग टीमें मतदाता अभियान में जुट गईं थी।
पहले चरण में 10 प्रतिशत से कम, 30 से कम और 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों पर अभियान चलाया गया। दूसरे चरण में प्रत्येक बूथ पर शपथ कार्यक्रम हुए। टीम ने बागेश्वर विस क्षेत्र के 192 बूथों पर 92,244 और कपकोट के 189 बूथों पर 65,725 मतदाताओं समेत जिले के कुल 1,57,969 मतदाताओं को शपथ दिलाई। संवाद
कोट
प्रवासी मतदाताओं को भी घर आकर वोट डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी लोगों ने शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की जा रही है।
- आरसी तिवारी, नोडल अधिकारी स्वीप/सीडीओ बागेश्वर