बागेश्वर के जीआईसी केंद्र में परीक्षा देते विद्यार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को जिले के 55 केंद्रों में 4878 छात्र-छात्राओं ने हिंदी की परीक्षा दी। पहले दिन 60 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। मुख्य शिक्षा अधिकारी सहित तीन सचल दलों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिले में पहले दिन नकल का कोई मामला नहीं आया।
जनपद के 55 परीक्षा केंद्रों में इंटर हिंदी विषय की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इंटर में 4938 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से 60 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए सचल दल की तीन टीमें गठित की गई हैं। तीनों टीमों ने लगभग एक दर्जन केंद्रों में पहुंचकर परीक्षाओं का निरीक्षण किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने स्वयं भी चार केंद्रों का निरीक्षण किया।
सीईओ आरसी आर्य ने बताया कि परीक्षाओं को नकल विहीन बनाने के निर्देश सभी केंद्र व्यवस्थापकों को दिए गए हैं। परीक्षा देकर लौटे इंटर के विद्यार्थी खुश नजर आए। पूछने पर छात्र-छात्राओं ने बताया कि उनका हिंदी का पेपर अच्छा गया है। शनिवार को हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं की हिंदी की परीक्षा होगी।