बागेश्वर। चुनावी समर में कूदे प्रत्याशियों ने दिवाली की बधाई के बहाने मतदाताओं को रिझाने के लिए पूरा प्रयास किया। प्रत्याशियों के इन प्रयासों से प्रशासन बेखबर रहा। दिवाली की बधाई देने के लिए प्रत्याशी अवकाश के दिन भी मतदाताओं के घरों तक पहुंचे। इस दौरान कई मतदाताओं को बधाई के साथ गिफ्ट भी दिए गए।
अध्यक्ष व सभासद पद के प्रत्याशियों में वोटरों को बधाई देने को लेकर होड़ सी रही। घरों में जाकर मतदाताओं को न केवल बधाइयां दी गईं बल्कि उन्हें गिफ्ट भी दिए गए। शहर में मिठाई की दुकान चलाने वाले व्यापारियों का कहना है कि दीवाली पर मिठाई की बिक्री में तेजी रही।
बागेश्वर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए सात प्रत्याशी मैदान में हैं जबकि पालिका सदस्य के लिए 31 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रत्याशियों ने दिवाली के दिन भी मतदाताओं को रिझाने के लिए जमकर पसीना बहाया। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। हालांकि प्रत्याशियों की प्रत्येक हरकत पर प्रशासन भी नजर रखे हुए हैं।
कोट
प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को दिवाली में गिफ्ट देने की कोई शिकायत नहीं मिली है। निर्वाचन आयोग प्रत्याशियों की हर हरकत पर निगाह रख रहा है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
राकेश तिवारी, आरओ बागेश्वर