उत्तराखंड के बागेश्वर में एसएसबी के ग्वालदम स्थित प्रशिक्षण केंद्र में बुधवार को हैंड ग्रेनेड की चपेट में आने से असिस्टेंट कंमांडेंट की मौत हो गई।
हादसे के बाद प्रशिक्षण और अन्य कार्यक्रम फिलहाल रोक दिए गए हैं। मृतक अधिकारी के घर सूचना भेज दी गई है।
एसएसबी के कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार ग्वादलम में प्रशिक्षण क्षेत्र में आजकल विशेष प्रशिक्षण चल रहा था। इसमें भाग लेने के लिए
पीलीभीत के पलिया स्थित 39वीं बटालियन के असिस्टेंड कमांडेट दावा सिंरिंग भोटिया भी कुछ दिन पहले यहां आए थे।
बुधवार को प्रशिक्षण के दौरान एक जवान के हैंड ग्रेनेड का टुकड़ा उछलकर दावा सिंरिंग से जा टकराया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल बैजनाथ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका शव बागेश्वर के जिला अस्पताल में रखा गया है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम होगा। 40 वर्षीय असिस्टेंट कमांडेंट सिंरिंग दार्जिलिंग के निवासी हैं।
एसएसबी के रानीखेत स्थित फ्रंटियर मुख्यालय से महानिरीक्षक श्याम सिंह मुख्यालय से बाहर हैं। मुख्यालय में तैनात स्टाफ आफिसर जेसी पंत ने दूरभाष पर बताया कि असिस्टेंट कमांडेट की मृत्यु की सूचना सेक्टर मुख्यालय में पहुंच गई है।
घटनाक्रम के बारे में मुख्यालय से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।