पाश्चात्य जगत के लोगों में भारतीय संस्कृति और रीति रिवाजों के प्रति आकर्षण बढ़ता जा रहा है। अनेक रूप में वह इसे आत्मसात करने का प्रयास भी कर रहे हैं।
स्पेन की करला गर्सिया सर्नूदा रोसिक शुक्रवार को भारतीय मूल के पुरुषोत्तम के साथ सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधी। वर-वधु ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत जन्म-जन्मांतर तक एक-दूसरे के सुखदुख का साथी बनने का वचन लिया।
सिद्धपीठ कुंजापुरी देवी मंदिर पुरुषोत्तम और करला के विवाह बंधन में बंधने का गवाह बना। मंदिर परिसर में विधानपूर्वक विवाह संपन्न कराया। पुरुषोत्तम बीते एक दशक से तीर्थनगरी के मुनिकीरेती क्षेत्र में रहते हैं और ट्रैकिंग व्यवसाय से जुड़े हैं।
बताया कि स्पेन निवासी करला से बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में ट्रैकिंग के दौरान उनकी पहली बार 2007 में मुलाकात हुई थी। इसके बाद से उनमें गहरी दोस्ती हो गई। छह महीने पूर्व दोनों से जीवनसाथी बनने का निर्णय लिया।