गन्ना सहकारी समिति बोर्ड की बैठक मंगलवार को समिति के कार्यालय पर हुई। इसमें किसानों से अंशदान नहीं लेने, तीन महीने के खर्चे पास करने, कमीशन नहीं देने वाली चीनी मिलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई आदि का प्रस्ताव पास किया गया।
गन्ना सहकारी समिति कार्यालय में चेयरमैन भगत सिंह बोबी ने कहा कि चार साल से गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाया गया है। जिससे किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस पर चेयरमैन ने किसानों से अंशदान की कटौती नहीं किए जाने का प्रस्ताव रखा। जिसे सभी डायरेक्टरों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया।
चेयरमैन ने कहा कि चीनी मिलें समिति का कमीशन नहीं दे रही हैं, जिसके कारण समितियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चीनी मिलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव पास हुआ।
नवंबर, दिसंबर और जनवरी के खर्चों का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ। इस दौरान समिति के विशेष सचिव सुशील कुमार कपूर एवं सभी डायरेक्टर मौजूद रहे।