हाईवे पर रजबपुर क्षेत्र के गांव चोटीपुरा के मोड़ पर डीसीएम में आए अदमाशों ने कोलगेट पेस्ट से भरे ट्रक को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने ट्रक में घुसकर चालक-क्लीनर को बधक बना लिया।
बाद में ट्रक को कब्जे में लेकर एक ढाबे के पास ले गए। यहां से तकरीबन 150 पेटी टूथपेस्ट डीसीएम में लादकर फरार हो गए। जाते वक्त चालक की जेब से ढाई हजार रुपये और मोबाइल भी निकाल ले गए।
सुबह किसी राहगीर ने चालक को बंधनमुक्त किया। इसके बाद चालक ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
पंजाब के जिला गुरदासपुर के थाना गोखान क्षेत्र के गांव डुकोहा निवासी मुख्तयार सिंह पुत्र करनैल सिंह पेशे से ट्रक चालक हैं। वह असम से ट्रक में दो लाख रुपये कीमत की कोलगेट पेस्ट की करीब 150 पेटियां लादकर असगढ़, हरियाणा के लिए चला था।
शनिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे ट्रक हाईवे पर रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव चोटीपुरा के मोड़ पर ही पहुंचा था कि पीछे से डीसीएम में सवार होकर आए बदमाशों ने ओवरटेक करके ट्रक को रुकवा लिया। ट्रक के रुकते ही चार बदमाश धड़ाधड़ ट्रक में घुस गए और चालक की कनपटी पर तमंचा लगा दिया।
बदमाशों ने चालक मुख्तयार और क्लीनर संतोष को कब्जे में लेकर दोनों के हाथ पैर बांधकर डाल दिया। इसके बाद बदमाशों ने गुरुनानक ढाबे के पास पहुंचकर ट्रक रोका और यहां ट्रक से पेटियां उतारकर डीसीएम में लाद लिया।
जाते वक्त बदमाशों ने चालक की जेब से ढाई हजार रुपये, मोबाइल निकाल लिए और फरार हो गए। सुबह के समय वहां से गुजरे किसी राहगीर ने चालक-क्लीनर को बंधनमुक्त किया। इसके बाद मुख्तयार सिंह ने थाने पहुंचकर लूट की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौका मुआयना भी किया और पूछताछ के बाद चालक से तहरीर ली। एसओ महीपाल सिंह तरार ने बताया कि हाईवे पर एक ट्रक से करीब दो लाख रुपये कीमत का माल लूट लिया गया है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।