कुआखेड़ा/ मंडी धनौरा/हसनपुर(अमरोहा) क्षेत्र में बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुखार से क्षेत्र में जिले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
कुआखेड़ा निवासी 46 वर्षीय मोहम्मद कुरैशी पुत्र अजीज कुरैशी को 15 दिन पहले बुखार आया था। परिजन उसका गांव में ही उपचार कराते रहे। तबियत ठीक नहीं होने पर उसे धनौरा के एक चिकित्सक को दिखाया गया। कोई लाभ नहीं होने पर परिजन उसे मेरठ के एक हास्पिटल में ले गए। यहां उसे उसने शनिवार की रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि हास्पिटल के डाक्टरों के अनुसार मोहम्मद को डेंगू बुखार था और प्लेटलेट्स काफी कम हो गई थीं।
ग्रामीणों ने डीएम से कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की है। उधर, मंडी धनौरा के मोहल्ला कटरा में रहने वाली एक महिला की मेरठ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसे पिछले कई दिन से बुखार था। यहां के शमीम अहमद की 42 वर्षीय पत्नी मुशर्रत जहां को पिछले कई दिन से बुखार था। उसका स्थानीय चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा था। कोई लाभ नहीं होने पर शनिवार को परिजन उसे मेरठ ले गए थे। यहां एक हास्पिटल में उपचार के दौरान रविवार की सुबह मौत हो गई।
हसनपुर क्षेत्र में डेंगू से एक वृद्घा की मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली क्षेत्र के गांव कालाखेड़ा निवासी हाफिज नूर मोहम्मद की मां साबरी(60) पिछले कई दिन से बुखार से पीड़ित थी। पहले तो परिजनों ने नगर में ही उपचार कराया, लेकिन बाद में उपचार के लिए मुरादाबाद ले गए। यहां वृद्घा ने शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे दम तोड़ दिया। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि जांच में डेंगू की पुष्टि की गई थी।