जिलेभर में बेरोकटोक अवैध खनन जारी है, माफिया जमीन का सीना चीरकर धड़ल्ले से बालू निकाल रहे हैं। सत्ता और अफसरों की शहर से उसके हौसले इतने बुलंद हैं कि, पुलिसकर्मियों पर हमलावर होने से भी नहीं चूक रहे हैं।
बृहस्पतिवार सुबह माफिया ने अवैध खनन रुकवाने पहुंचे दो सिपाहियों को बंधक बना लिया। जिससे महकमे में खलबली मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची देहात थाने की फोर्स ने सिपाहियों को बंधनमुक्त कराया और माफिया के दो आदमियों को धर दबोचा।
देहात थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर कचिया के जंगल में धड़ल्ले से अवैध खनन चल रहा है। बुधवार सुबह पुलिस ने माफिया के आदमियों की ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ ली थी। बावजूद इसके बृहस्पतिवार को भी अवैध खनन जारी रहा।
इसकी सूचना पर सुबह दो सिपाही मौके पर पहुंचे और खनन रुकवाने का प्रयास किया तो माफिया ने दोनों सिपाहियों को बंधक बना लिया। सिपाहियों ने इसकी सूचना देहात पुलिस को दी तो महकमे में खलबली मच गई।
आनन-फानन में थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और सिपाहियों को बंधनमुक्त कराया। इसके अलावा माफिया को दौड़ा लिया, हालांकि उसके दो आदमियों को ही पकड़ने में कामयाबी मिली।
थाने लाए जाने पर दोनों ने पूछताछ में अपने नाम शमशेर व मुन्ना निवासी हसनपुर कचिया बताए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया है। हालांकि इस बारे में थानाध्यक्ष अमरोहा देहात ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
चार पहिया वाहनों से ढोया जा रहा बालू
नौगावां सादात (अमरोहा)। खनन माफिया को कानून, कोर्ट, सरकार और प्रशासन का कोई खौफ नहीं है, नतीजतन वे मनमुताबिक खनन कार्य में जुटे हुए हैं। इसके तौर-तरीके भी समय-समय पर बदल रहे हैं।
पंजू सराय स्थित सोतनदी से खनन पर रोक लगने के बाद भी अमूल्य संपदा की लूट नहीं रूकी। अब ट्रैक्टर-ट्रालियों की जगह बंद चार पहिया वाहनों से नीला बालू ढोया जा रहा है, तमाम पिकअप जैसे वाहन दिन-रात बालू ढोने में लगे हैं।
थाना पुलिस को भी इसकी जानकारी है, उसके कर्मचारियों की ओर से उगाही करने की भी बातें सामने आती रहती हैं। फिर भी इस पर रोक लगाने के लिए अफसरों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होती।
पूरनपुर-पंजू सराय में नहीं रुका खनन
अमरोहा। माफिया की पुलिस और प्रशासन के अफसरों से गठजोड़ के चलते डिडौली कोतवाली के गांव पूरनपुर झील और नौगावां सादात के गांव पंजू सराय में अवैध खनन जारी है।
माफिया ने बुधवार की रात भी जमकर जेसीबी चलवाई और जमीन को खोखला करने का अभियान जारी रखा। स्थानीय पुलिस भी चुप होकर बैठ गई है।
डिडौली और नौगावां सादात की पूरनपुर और पंजू सराय साइटों से प्रतिदिन पचास हजार घन मीटर से अधिक खनन हो रहा है। सोनोली, पूरनपुर और नीलीखेड़ी, कटाई आदि गांवों में माफिया रातभर ट्रैक्टर ट्रालियों से खनन को भरकर ले जा रहे हैं, लेकिन तीन दिन पूर्व हुई छापामारी के बाद भी अवैध खनन में कोई रुकावट नहीं आई।