मूलरूप से जिला आजमगढ़ निवासी ईश्वरचंद अमरोहा के वाणिज्यकर विभाग में
असिस्टेंट कमिश्नर हैं। मोहल्ला मोतीनगर में वह आबकारी विभाग में दीवान एवं
रिटायर्ड फौजी राजेश कुमार के मकान में किराए पर रहते हैं। अप्रैल माह में
अलीगढ़ से उनकी शादी हुई थी। पत्नी की मुंह दिखाई और उपहार में 1.90 लाख
रुपये और डायमंड की कीमती ज्वैलरी मिली थी, जो कि घर में एक लॉकर में रखी
थी।
दिवाली से उनकी पत्नी मायके में हैं। चुनाव में ईश्वरचंद को सेक्टर
मजिस्ट्रेट बनाया गया है। शुक्रवार को मंडी समिति से पोलिंग पार्टियों को
रवाना कराने के बाद वह रात करीब सवा नौ बजे घर पहुंचे। कुछ देर बाद करीब
पौने दस बजे खाना-खाने के लिए होटल पर चले गए। सवा 11 बजे लौटकर आए तो कमरे
का कुंडी उखड़ी पड़ी थी और लॉकर से लाइसेंसी पिस्टल, नगदी, डायमंड का हार,
दंपति की डायमंड की सगाई की अंगूठी, सोने का हार, टीका, नत्थ और अन्य जेवर
गायब था।
चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया था। ताला
तोड़ने में कामयाबी नहीं मिलने पर वह गेट लांघकर अंदर दाखिल हो गए। पुलिस
ने मौका मुआयना भी किया और दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले
लिया।
मोहल्ला मोतीनगर निवासी
राजेश कुमार फौजी के मकान में भूतल पर असिस्टेंट कमिश्नर ईश्वरचंद किराए पर
रहते हैं। ऊपरी मंजिल पर मकान मालिक परिवार के साथ खुद रहते हैं। राजेश ने
बताया कि मंडी समिति से निकलने के बाद ईश्वरचंद ने उन्हें फोन करके दरवाजा
खोलने के लिए कहा था। ईश्वरचंद के घर आने के बाद वह सो गए, वह घर से कब
निकलने और कब घर में घुसे इसकी जानकारी नहीं थी। करीब सवा 11 बजे ईश्वरचंद
ने उन्हें नींद से जगाकर घर में चोरी होने की बावत बताया था।
मोहल्ला मोतीनगर में असिस्टेंट कमिश्नर के घर में आठ दिन के अंतराल में यह
चोरी की तीसरी वारदात है। आठ दिन पहले मोहल्ले में रहने वाले मास्टर हरपाल
सिंह के घर में चोरी हुई थी। जबकि, तीन-चार दिन पहले अधिवक्ता राजीव
गुप्ता के घर के ताले तोड़ लिए गए थे। मोहल्ले के लोगों की बात पर विश्वास
करें तो मोहल्ले में पिछले कई दिनों से संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं।
लेकिन, किसी ने भी इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी।
-----------------------------
-मंडी
समिति से पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के बाद रात करीब सवा नौ बजे घर
पहुंचा और फ्रेश होने के बाद कमरे का ताला लगाकर होटल पर खाना खाने चला
गया। सवा 11 बजे घर पहुंचने पर दरवाजे की कुंडी उखड़ी थी और लॉकर से
लाइसेंसी पिस्टल, पत्नी को मुंह दिखाई में मिले 1.90 लाख रुपये, करीब
छह-सात लाख रुपये की डायमंड की ज्वैलरी गायब थी।
-ईश्वर चंद, असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्यकर
-----------------------
-वाणिज्य
कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर के घर से चोरों ने लाइसेंसी पिस्टल, नकदी,
जेवरात चोरी किए हैं। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही वारदात का
खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
-शैलेंद्र प्रताप गौतम निरीक्षक शहर कोतवाली