ग्राम पंचायत सामान्य निर्वाचन-2015 के तृतीय चक्र में जिले की गुन्नौर व जुनावई विकास खंड की कुल 117 ग्राम पंचायतों के लिए शनिवार को मतदान हुआ। घने कोहरे के बीच सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी लंबी कतारें दिखी। जुनावई में उमरा, गुन्नौर में फरीदपुर, कीरतपुर, गोठना, गंगावास में पथराव व फायरिंग हुई। तीन लोग जख्मी हो गए। एक बूथ पर घंटेभर तक मतदान रुका रहा। शाम तक जुनावई में 74.52 व गुन्नौर में 75.75 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों विकास खंडों में कुल 75.14 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जुनावई विकास क्षेत्र की 59 ग्राम पंचायतों के 162 मतदेय स्थलों पर सुबह सात घने कोहरे व कड़ाके की सर्दी के बावजूद मतदाताओं की लंबी लंबी कतारें लग गईं। वोटरलिस्ट से गायब होने, फर्जी वोटिंग आदि की अफवाहों के बीच शांतिपूर्ण मतदान चलता रहा। लेकिन दोपहर बाद चबूतरा ग्राम पंचायत के उमरा गांव में नए बनाए गए बूथ 116 पर दो प्रत्याशियों द्वारा यहां तैनात चौकीदार पर पक्षपात करने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू किया तो पथराव व फायरिंग हो गई। एक युवक पेट्रोल भरी बोतल लेकर मतदान केंद्र में घुस गया। मतदान केंद्र पर पथराव शुरू हो जाने से घंटेभर तक मतदान बाधित रहा। पुलिस ने बोतल छीनकर लाठियां फटकार कर काबू किया। फत्तेहपुर के भूप सिंह व उमरा का राकेश घायल हो गया। पेट्रोल लेकर आए युवक को दौड़ाते समय जोनल मजिस्ट्रेट/बीएसए प्रेमचंद्र यादव का मोबाइल भी गायब हो गया। यहां तय समय तक 116687 में से 86964 यानी 74.52 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया। इसके अलावा गुन्नौर विकास क्षेत्र की 58 ग्राम पंचायतों के 194 बूथों पर भी मौसम खराब होने के बावजूद मतदाताओं की भीड़ उमड़ी। भारी उत्साह के साथ मतदान किया गया। लेकिन पूर्वाह्न 11.30 बजे में फरीदपुर मतदान केंद्र पर दो पक्ष भिड़ गए। पथराव के बाद फायरिंग हो गई। जिसमें गांव का ही सतीश घायल हो गया। पूर्व ब्लाक प्रमुख व उनके पुत्र पर फायरिंग का आरोप लगा है। कीरतपुर में मतदान करने आ रहे मतदाताओं से रास्ते में ही विवाद के बाद फायरिंग हो गई। गंगाबास मतदान केंद्र के बाहर भी जमकर फायरिंग व पथराव हुआ। मतदान समाप्ति के तत्काल बाद 4.45 बजे शाम को गोठना में भी दो पक्षों में पथराव व फायरिंग हुई। पुलिस प्रशासनिक अफसरों ने किसी तरह पथराव व फायरिंग करने वालों को खदेड़ा। तय समय तक गुन्नौर विकास क्षेत्र में कुल 117289 मतदाताओं में से 39984 महिलाओं समेत 88852 यानी 75.75 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। दोनों विकास क्षेत्रों की कुल 117 ग्राम पंचायतों के 233976 मतदाताओं में से 175816 यानी 75.14 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। बैलेट बाक्स को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया गया।