डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव श्यौनाली में हाईवे पर सिंडिकेट बैंक
है। शुक्रवार की रात करीब 12 बजे एक बाइक बैंक के सामने आकर रुकी और बाइक
से उतरे दो बदमाशों ने बैंक के ताले तोड़ लिए। उनमें से एक बैंक के अंदर
घुस गया जबकि दूसरा बाहर खड़ा रहा। बैंक के ठीक सामने हाजी मोबीन शाह का घर
है।
उसकी पत्नी रात में जब उठी तो बैंक खुली देखकर दंग रह गई। उसने मोबीन
शाह को इसकी जानकारी दी। मोबीन शाह ने 100 नंबर पर पुलिस को इसकी जानकारी
दी। करीब पंद्रह मिनट बाद कोतवाल हर प्रसाद मौके की तरफ दौड़ पड़े।
उन्होंने बदमाशों को पकड़ने के इरादे से जीप बैंक से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर
खड़ी कर दी और सिपाहियों के साथ बैंकों की तरफ दौड़ पड़े।
इससे पहले कि
पुलिस बदमाशों को पकड़ पाती एक बदमाश ने कांस्टेबल राजेश का सिर फोड़ दिया
और बाइक को मौके पर छोड़कर ईख में जा घुसे। पुलिस ने ईख को काफी खंगाला,
लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। सीओ सिटी शील कुमार और लीड बैंक
मैनेजर ने मौका मुआयना किया।
अंदर चेक और शिकायत पेटिका टूटी पड़ी थी।
फोरेंसिक टीम ने जगह-जगह से बदमाशों के फिंगर प्रिंट लिए हैं। पुलिस ने
बिना नंबर की लाल-काले रंग की पल्सर बाइक को कब्जे में ले लिया है। शाखा
प्रबंधक विकास सैनी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।