डिडौली कोतवाली क्षेत्र का गांव गौसपुर मिलक जिला पंचायत के वार्ड 24
में शामिल है। गुरुवार को संभावित उम्मीदवार यहां जोरशोर से चुनाव प्रचार
कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब प्रत्याशियों से चुनाव प्रचार में
लगी गाड़ियों की परमिशन दिखाने को कहा तो वे बगलें झांकने लगे। इस पर पुलिस
ने रईस उर्फ कलवा पुत्र कामिल निवासी ढकिया चमन की दो, चौधरी रियाजुल
निवासी मूढ़ा इम्मा और मोहम्मद शाकिर की एक-एक स्कार्पियो को सीज कर दिया।
जबकि बिना परमिशन गांव में रोड शो करने के मामले में रईस, उसके समर्थक
जावेद पुत्र जरीफ निवासी गंगदासपुर, नासिर, कमरेआलम पुत्रगण कामिल और कई
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। निरीक्षक हर प्रसाद ने बताया कि
क्षेत्र में बिना परमिशन चुनाव प्रचार में लगी चार स्कार्पियो को सीज किया
गया है जबकि एक प्रत्याशी और उसके समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई
है।