राज्य निर्वाचन आयोग ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए चुनाव का बिगुल बजा दिया है। इसके लिए पांच फरवरी को नामांकन और सात फरवरी को मतदान होगा।
जिला स्तर से एक फरवरी को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। उधर, चुुनाव की अधिसूचना जारी होते ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने कायसों पर विराम लगाते हुए सोमवार को ब्लॉक प्रमुख चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक पांच फरवरी को नामांकन किए जाएंगे।
प्रत्याशी सुबह ग्यारह बजे से तीन बजे तक संबंधित ब्लॉक कार्यालय पर पर्चा दाखिल कर सकेंगे। उसी दिन नामांकनों की जांच होगी। छह फरवरी को नाम वापस लेने की तिथि निर्धारित की गई है।
सात फरवरी को सुबह ग्यारह बजे तीन बजे तक मतदान होगा। तीन बजे के बाद मतगणना कराई जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। जिलाधिकारी स्तर से एक फरवरी को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी।
उधर, ब्लाक प्रमुख चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है। दावेदारी को लेकर घमासान शुरू हो गया। उम्मीदवार टिकट की घोषणा को नेताओं के चक्कर लगा रहे हैं। दूसरी और बीडीसी सदस्यों की बोली लगाई जा रही है।
इनकी खरीद-फरोख्त का सिलसिला शुरू हो गया है। वहीं, सत्ता पक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी कब्जाने के बाद अब ब्लाक प्रमुख चुनाव में परचम लहराना चाहते हैं। इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिले में 693 बीडीसी चुनाव में डालेंगे वोट
अमरोहा। जिले में ब्लाक प्रमुख की छह सीटें हैं। ब्लाक प्रमुख चुनाव में 693 बीडीसी सदस्य प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचित बीडीसी सदस्यों की फोटो युक्त वोटर लिस्ट तैयार कर आयोग को भेजी जा चुकी है।
डीएम होंगे ब्लॉक प्रमुख चुनाव के आरओ
अमरोहा। ब्लाक प्रमुख के चुनाव में डीएम को आरओ बनाया गया है। जबकि, प्रथम श्रेणी अधिकारियों को सहायक निर्वाचन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। एआरओ की तैनाती की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
सभी छह ब्लाक कार्यालय पर नामांकन होंगे। वहीं पर मतदान होगा। नामांकन से लेकर मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रहेगी।
सिर्फ सपा ने घोषित किए प्रत्याशी
अमरोहा। समाजवादी पार्टी ने ब्लॉक प्रमुख की सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। जबकि बसपा, भाजपा, रालोद, कांग्रेस सहित अन्य दलों ने ब्लॉक प्रमुख सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। पार्टियों में टिकट को लेकर खींचतान चल रही है। क्योंकि, इस चुनाव से मिशन 2017 की दिशा तय होगी।