प्रेम प्रसंग को लेकर क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर में दो समुदायों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। पथराव और मारपीट में दोनों ओर से महिला समेत सात ग्रामीण घायल हो गए। तनाव की सूचना से गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
एएसपी, सीओ समेत कई थानों की पुलिस ने गांव में डेरा डाल लिया। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक की हालत गंभीर होने से उसे जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया। इस मामले में एक पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर में सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे प्रेम प्रसंग को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद गहरा गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोल दिया। फिर क्या था दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। तनाव की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
हालात बेकाबू देख एसओ ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इस पर एसपी संजीव त्यागी, एएसपी विजय गौतम, सीओ धनौरा मोहन लाल के अलावा बछरायूं, सैदनगली, डिडौली और महिला थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कुछ ही देर में गांव छावनी में तब्दील हो गया। मारपीट में परमवीर सिंह का बेटा प्रिंस, शुभम, पत्नी सीमा, मुकेश पुत्र समरपाल जबकि दूसरे पक्ष से इमामुद्दीन, निसार पुत्रगण शरफुद्दीन, इरशाद पुत्र निसार घायल हो गए।
घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेहद नाजुक हालत में प्रिंस को जिला अस्पताल से मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है। अंकुश पुत्र सुरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने इमामुद्दीन, निशार, इरशाद और मोबीन पुत्र तस्लीम के खिलाफ जानलेवा हमला समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
गांव में डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात
रजबपुर। दो समुदायों के बीच हुए तनाव के बाद गांव त्रिलोकपुर में डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात कर दी गई है। पीएसी ने गांव में डेरा डाल लिया है और सख्त आदेश दिए गए हैं कि झगड़ा करने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाए।