अमरोहा। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को गिरफ्तार करके गले की हड्डी बनी प्रथमा बैंक में डकैती की वारदात के खुलासे का दावा किया है। लुटेरों से करीब दो लाख की नकदी, गार्ड से छीनी बंदूक व कारतूस पेटी समेत दो बाइक तथा तीन तमंचे भी बरामद हुए। जबकि, गच्चा देकर फरार अन्य तीन शातिर बदमाशों की धरपकड़ को पुलिस उनकेे संभावित ठिकानों दबिश डाल रही है।
बता दें कि गत् 18 अक्तूबर को दिनदहाड़े बदमाशों ने कांकर सरायं स्थित प्रथमा बैंक शाखा में स्टाफ को गन प्वाइंट पर लेकर गार्ड की बंदूक व साढ़े चार लाख की नकदी लूटकर इलाके में दहशत फैला दी थी। वारदात से सकते में आई पुलिस की टीमें एक महीने से डकैती के खुलासे के लिए रात दिन बदमाशों का सिजरा तलाशने में जुटी थी।
सोमवार को थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार यादव ने बदमाशों के इलाके में होने की मुखबिर की सूचना पर कांठ बाईपास मार्ग पर बाग की घेराबंदी कर दी। चारों तरफ से घिरने पर बदमाशों ने भागते हुए रामहट चौराहे पर पुलिस टीम पर फायर झोंकने शुरू कर दिए। गोलियों से बचते पुलिस ने असलम, अरशद व मुमताज को दबोच लिया। जबकि पल्सर सवार तीन बदमाश गच्चा देकर भाग निकले। तलाशी में लुटेरों के पास से बैंक से लूटा 2.15 कैश व तीन तमंचे व कारतूस मिले। निशानदेही पर गार्ड से लूटी बंदूक व कारतूस की पेटी बरामद कर ली। एसपी दीपिका गर्ग ने प्रेस कांफ्रेंस में वारदात का खुलासा करते बताया कि तीनों बदमाशों का बिजनौर, मुरादाबाद व रामपुर में अपराधिक रिकार्ड है। बैंक स्टाफ की शिनाख्त के बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कोर्ट के माध्यम से जेल भेजा है।