अल्मोड़ा जिले में एक किशोरी से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़िता के मामा ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस मामले में नाबालिग की मां और मौसी पर भी मामले को दबाने और पीड़िता के साथ मारपीट करने का आरोप है। पीड़िता के चाचा की तहरीर पर आरोपी मां, मामा और मौसी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
मामला हवालबाग विकासखंड के एक गांव का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक नाबालिग (14) से उसके मामा ने बीते नवंबर महीने में छेड़छाड़ और उसके साथ अश्लील हरकत की। मामा की इस हरकत की शिकायत पीड़िता ने अपनी मां और मौसी से की तो दोनों ने मुंह ना खोलने की हिदायत देते हुए पीड़िता के साथ ही मारपीट की। इस घटना के बाद पीड़िता गुमसुम रहने लगी। नाबालिग की चाची ने उससे इस संबंध में पूछा तो मामले का खुलासा हुआ। पीड़िता की चाची ने घटना की जानकारी अपने पति यानी नाबालिग के चाचा को दी। पीड़िता के चाचा ने मामले की महिला थाने में तहरीर सौंपी है।
पढ़ें- Uttarakhand: इन हत्याओं से दहला उत्तराखंड का यह जिला; लूट-एकतरफा प्यार के कारण गई जान, जानें ऐसे आठ बड़े मामले
सीओ विमल प्रसाद ने बताया कि नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत मिली है। आरोपी मां, मामा और मौसी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।