मौलेखाल में बिजली के लिए प्रदर्शन करते उपभोक्ता।
मौलेखाल। सल्ट विकासखंड के मन्हैत गांव में 15 दिन बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं लग सका है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत की गई बिजली आपूर्ति भी टिकाऊ नहीं रही। इस कारण वहां दो दिन से बिजली नहीं आई। इससे नाराज ग्रामीणों ने शशिखाल बिजली घर पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने विरोध, प्रदर्शन कर यूपीसीएल से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
मन्हैत गांव को बिजली आपूर्ति करने वाला ट्रांसफार्मर 15 दिन पहले फुंक गया था। तब से यूपीसीएल ने नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया और आसपास के दूसरे ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। उस पर लोड बढ़ने से मंगलवार को इस ट्रांसफार्मर ने भी जवाब दे दिया।
इस कारण दो दिन से गांव में बिजली आपूर्ति नहीं हुई। ग्रामीणों के लंबे इंतजार के बाद भी जब बिजली आपूर्ति बहाल न होने से नाराज उपभोक्ता बृहस्पतिवार देर शाम शशिखाल बिजली घर पहुंचे। उन्होंने वहां जमकर हंगामा किया।
उन्होंने कहा कि बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्हें मोमबत्ती से घरों को रोशन करना पड़ रहा है।
सूचना मिलने पर यूपीसीएल के अधिकारियों समेत पुलिस भी मौके पर पहुंची और यूपीसीएल के अधिकारियों से उनकी वार्ता कराई गई। एसडीओ तसलीम अहमद ने ग्रामीणों को शुक्रवार तक आपूर्ति सुचारु करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण घर लौट गए।