चौखुटिया (अल्मोड़ा)। तहसील क्षेत्र के एक गांव में उसी गांव के रिश्ते के चाचा पर हाथ-पांव बांधकर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता के जीजा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से क्षेत्र में जबरदस्त आक्रोश है।
किशोरी के माता-पिता दिल्ली में रहते हैं। आजकल उसके दादा-दादी भी दिल्ली गए थे। किशोरी घर में अकेली थी। इसी दौरान 10 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे पीड़िता का रिश्ते का चाचा विनोद लमकोटी उसके कमरे में घुस आया। आरोप है कि विनोद ने किशोरी के साथ मारपीट की। उसके हाथ, पांव बांधकर दुष्कर्म किया। उसने किशोरी को धमकाया कि यदि उसने घटना की जानकारी किसी को दी तो वह वीडियो वायरल कर देगा। लड़की के चेहरे पर चोट के निशान भी बताए गए हैं। किशोरी के जीजा ने थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। इधर, प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील धनिक ने बताया कि किशोरी के बयान ले लिए गए हैं। उसे मेडिकल के लिए रानीखेत ले जाया गया। पॉक्सो में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है। इस घटना से लोगों में खासा रोष है। क्षेत्रवासियों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।
चौखुटिया में गरमाई सियासत, भाजपा ने दिया धरना
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। दुष्कर्म के मामले में क्षेत्र की राजनीति भी गरमा गई है।
विधायक महेश नेगी के नेतृत्व में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता रविवार सुबह से ही थाना परिसर में जमे रहे। कार्यकर्ता वहीं धरना देकर बैठक गए। वह आरोपी को कांग्रेसी बताते हुए उसे फांसी दो के नारे लगा रहे थे। आरोप लगाया कि कांग्रेसी नेता मामले को रफा-दफा करवाने के लिए उन लोगों पर दबाव डाल रहे हैं। नारेबाजी करने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र संगेला, दिगंबर नेगी, लोकेश जोशी, गोपाल जोशी, रितेश किरौला, सुभाष बिष्ट, उमेश रावत, किशोर शर्मा, पवन पांडे आदि थे।
दूसरी ओर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने में ज्ञापन सौंपकर आरोपी को कांग्रेस से जोड़ने पर कड़ी आपत्ति जताई। युवा कांग्रेसियों का कहना था कि आरोपी का कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता उसे जानते तक नहीं हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीड़िता को न्याय देने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस के ज्ञापन में युवा कांग्रेस अध्यक्ष विनोद आर्या, जीवन नेगी, दीपक नेगी, हीरा सिंह बिष्ट, गोकुल कांडपाल, मनीष भंडारी आदि हस्ताक्षर थे।
विधायक की ओर से युकां पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद
अल्मोड़ा। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मल रावत ने कहा कि चौखुटिया में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में द्वाराहाट विधायक महेश नेगी और भाजपाइयों की ओर से युकां के खिलाफ अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। इसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा है कि जिस व्यक्ति का नाम लेकर स्थानीय विधायक कांग्रेस संगठन पर आरोप लगा रहे हैं इस नाम का कोई भी व्यक्ति युकां में नहीं है और ना ही कभी ऐसे किसी व्यक्ति को युकां संगठन ने विधानसभा क्षेत्र में जोड़ा है। उन्होंने कहा कि युकां पदाधिकारी द्वाराहाट के विधायक पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों पर मुखर होकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। इसी कारण विधायक उनके संगठन को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।