रानीखेत नगर में लगा जाम। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटन नगरी की यातायात व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। सदर बाजार में आए दिन जाम लगने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि नियमों का कड़ाई से पालन नहीं होने के कारण दिक्कतें आ रही हैं। दुपहिया वाहन चालक वाहनों को आड़े तिरछे को खड़ा कर देते हैं जिस कारण बाजार में घंटों जाम लग जा रहा है। शाम के वक्त जाम लगने से राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है।
रानीखेत नगर की यातायात व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है। कहने को यहां वन वे व्यवस्था भी लागू है, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। मुख्य बाजार में अतिक्रमण, यातायात नियमों की अनदेखी और मनमानी से अक्सर जाम की स्थिति बन रही है। शाम के वक्त भी नगर में काफी देर तक जाम लग जा रहा है। पूर्व में नगर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात रहते थे, लेकिन अब यातायात पुलिस की कमी देखने को मिल रही है। जाम के चलते व्यापारियों और राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष मनीष चौधरी ने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए शीघ्र ही पुलिस और प्रशासन के साथ बैठक की जाएगी।