अल्मोड़ा। पुलिस ने जिले में विभिन्न स्थानों में स्थित जियो कंपनी के टावरों से 7.20 लाख रुपये लागत की 12 बैटरियां चुराने के मामले का पर्दाफाश कर लिया है। पुलिस ने चोरी के मास्टर माइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की गई बैटरियां भी बरामद कर ली हैं। पुलिस टीम को डीआईजी कुमाऊं डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने दस हजार और एसएसपी प्रदीप कुमार राय ने पांच हजार नकद ईनाम देने की घोषणा की है। वारदात का मास्टर माइंड जियो कंपनी में पूर्व में काम करने वाला निकला।
दो जुलाई को जियो कंपनी के तकनीशियन सचिन कुमार ने सोमेश्वर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई कि आठ जून को ग्राम पंचायत भेटुली (ताकुला) से जियो के टावर में लगी तीन बैटरियां चोरी हो गईं। सोमेश्वर के तकनीशियन राकेश सिंह नेगी ने एक जुलाई की रात कांटली सोमेश्वर टावर से तीन बैटरियां, बले से पांच जून को तीन बैटरियां चोरी होने की एफआईआर सोमेश्वर थाने और लमगड़ा के तकनीशियन ने 30 जून को छड़ौजा टावर से तीन बैटरी चोरी होने की रिपोर्ट लमगड़ा थाने में दर्ज कराई थी।
एसएसपी ने डीएसपी विमल प्रसाद और डीएसपी (ऑपरेशन) ओशिन जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की। जांच में एसओजी प्रभारी सुनील धानिक को भी लगाया गया।
सोमवार को सोमेश्वर थाना क्षेत्र के पातलीबगड़ से बैटरी चोरी करने के मास्टरमाइंड शिवम मौर्या (22) निवासी श्यामपुरम कालोनी बाजपुर काशीपुर (यूएसनगर), वाहन चालक उमेश गुप्ता (32) निवासी मोहल्ला सुखदेवपुर थाना फरीदाबाद बरेली, दलीप कश्यप निवासी अटरिया चक्की के पास बरेली को गिरफ्तार कर लिया। चोरी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है। पुलिस ने चोरी की गई छह बैटरियां वाहन से और छह बैटरियां पातलीबगड़ में खंडहर से बरामद कीं। आरोपियों का बैटरियों को दिल्ली में बेचने का इरादा था लेकिन पहले ही पकड़े गए।
मामले का मास्टर माइंड है शिवम
अल्मोड़ा। बैटरी चोरी की वारदात को अंजाम देने का मास्टर माइंड शिवम मौर्या है, जो कि जियो कंपनी में पूर्व में टावर इंस्टालेशन का काम करता था। जिससे उसे इन टावरों की बैटरी के बारे में अच्छी जानकारी है। उसी ने बैटरी चोरी की साजिश रची और उसके बाद दलीप कश्यप और चालक उमेश गुप्ता को भी अपने साथ शामिल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वह रात्रि में लोगों के सो जाने के बाद बैटरियों को चुराकर पातलीबगड़ में खंडहर में छुपा देते थे।