चौखुटिया(अल्मोड़ा)। सबकुछ ठीक रहा तो चौखुटिया में कूड़ा निस्तारण की समस्या से छूटकारा मिल जाएगा। कूड़े के निस्तारण के लिए कंपोस्ट इनसाइनरेटर और कंप्रेशर मशीन लगाने के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मशीन से कूड़े को रिसाइकिलिंग कर खाद बनाने के साथ ही कूड़े के प्रकार के हिसाब से अन्य चीजें बनाई जाएंगी। इसमें किसी तरह की दुर्गंध आदि का झंझट भी नहीं है।
रामगंगा सेवा समिति के अनुरोध पर जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम द्वारा की गई पहल यदि रंग लाई तो क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की एक बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा। इसी के तहत दिल्ली से पहुंचे एक्सल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रबंधक आदि ने कई स्थानों का निरीक्षण किया। टीम के साथ आए प्रबंधक देवेंद्र सिंह सोन ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत कूड़ा निस्तारण प्लांट लगने से एकत्रित कूड़े को नष्ट कर खाद बनाई जाएगी। कहा कि खाद बिकने से भी रोजगार के साधनों में इजाफा होगा। उन्होंने बकायदा एक फिल्म से इसका प्रदर्शन भी किया। इस मौके पर रामगंगा सेवा समिति के डा. कुलदीप सिंह बिष्ट, जीवन नेगी, दरबान सिंह बिष्ट व कंपनी के आशीष आदि मौजूद थे।