छात्रसंघ पदाधिकारियों ने शपथ ली
- फोटो : अमर उजाला
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में हुए छात्र संघ चुनाव में छात्रों ने खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। छात्र संघ अध्यक्ष पद के लिए रवींद्र गोस्वामी और विवि प्रतिनिधि के लिए ज्योति रानी ने ही नामांकन कराया। उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, उपसचिव, कोषाध्यक्ष, संकाय प्रतिनिधि पदों के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ।
जिससे अन्य सभी पद खाली रह गए हैं। चुनाव प्रभारी डा. रजनी शर्मा ने अध्यक्ष और विवि प्रतिनिधि के निर्विरोध चुने जाने की घोषणा की। उसके बाद प्राचार्या डा. संगीता गुप्ता ने दोनों पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर तहसीलदार ओमवीरसिंह, थाना प्रभारी धर्मवीर सोलंकी, वी कुमार, रजनी शर्मा, संजीव महरोत्रा, सुनीलकुमार, मुकेश चंद्र गोस्वामी आदि मौजूद थे।
रानीखेत पीजी कालेज में छात्र संघ चुनाव छह अक्तूबर को
रानीखेत (अल्मोड़ा)। स्वतंत्रता सेनानी स्व. जयदत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव छह अक्तूबर को होंगे। प्राचार्य डा. चंद्र राम की अध्यक्षता में चुनाव समिति की बैठक हुई। बैठक में छात्र संघ पदाधिकारी भी मौजूद थे। छह अक्तूबर को ही चुनाव परिणाम और नई कार्यकारिणी को शपथ भी दिलाई जाएगी।
पीजी कालेज में छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित कर दी गई है। तीन अक्तूबर को सुबह 10 बजे से चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। चार अक्तूबर को सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक नामांकन, इसी दिन डेढ़ बजे से तीन बजे तक नाम वापसी, अपराह्न तीन बजे से साढ़े चार बजे तक नामांकन प्रपत्रों की जांच और सायंकाल पांच बजे तक वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। छह अक्तूबर को सुबह 10 बजे से अपराह्न डेढ़ बजे तक मतदान और ढाई बजे से मतगणना और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। देर शाम प्राचार्य डा. चंद्र राम नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाएंगे। इधर, कालेज प्रशासन चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। बैठक में चुनाव प्रभारी डा. पुष्पेश पांडे सहित छात्र संघ निर्वाचन समिति के सदस्य और प्राध्यापक मौजूद रहे। चुनाव के लिए पुलिस प्रशासन से भी सहयोग मांगा गया है। संभावित प्रत्याशी भी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं।