विद्यार्थियों के कौशल को निखार रहे शिक्षक मनकोटी
अल्मोड़ा जिले के राजकीय जूनियर हाईस्कूल चनोली के शिक्षक कल्याण सिंह मनकोटी अनवरत सीखने और सिखाने के अभिनव प्रयोग कर रहे हैं। उनके की ओर से स्थापित किया गया क्षमता संवर्धन केंद्र युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रहा है।
मनकोटी ने वर्ष 2016 में मिले राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की राशि, मित्रों और परिजनों के सहयोग से अल्मोड़ा में युवाओं के लिए क्षमता संवर्धन केंद्र की स्थापना की। सीखने और सिखाने का यह एक ऐसा अधिगम केंद्र है जहां पर युवा, विद्यार्थी 21 वीं सदी की चुनौतियों का सामना करने के लिए कौशल को अर्जित करने के साथ ही अपनी सांस्कृतिक विरासत को संवर्धित करने का प्रयास कर रहे हैं। केंद्र में पुस्तकालय, आर्ट स्टूडियो का संचालन युवा विद्यार्थी खुद कर रहे हैं। युवा बारी- बारी से अपने समूह का नेतृत्व करते हैं। कुमाऊंनी भाषा को भाषा संस्थान के माध्यम से डिजिटाजेसन कर अपनी भाषा को संवर्धित करने के साथ ही आय अर्जित कर रहे हैं। मनकोटी के मुताबिक इस केंद्र से जुड़े विद्यार्थी विविध प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर मुकाम पा रहे हैं।
प्राइमरी स्कूल चिलियानौला को उत्कृष्ट बनाने में नहीं छोड़ी कोई कसर
रानीखेत में राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय चिलियानौला के प्रधानाध्यापक राम सिंह जनी का शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। उन्हें शिक्षक दिवस पर पांच सितंबर को देहरादून स्थित राजभवन में राज्यपाल सम्मानित करेंगे। प्रधानाध्यापक शिक्षण में टीएलएम आदि का प्रयोग करते हैं। यहां के शिक्षक विद्यार्थियों को ऑनलाइन भी पढ़ाते हैं। साथ ही कंप्यूटर शिक्षा भी दी जाती है। नवोदय, राजीव गांधी, सैनिक स्कूल आदि में विद्यार्थियों को प्रवेश दिलाने के लिए उन्हें विद्यालय में अतिरिक्त समय में कक्षाएं संचालित कर तैयारी कराई जाती है।
इस विद्यालय के दो पूर्व विद्यार्थियों का प्रोफेसर, दो विद्यार्थियों का इंटर कॉलेज में प्रवक्ता, एक विद्यार्थी का ग्रामीण बैंक में कैशियर पद पर चयन हो चुका है। एक पूर्व छात्रा इसी विद्यालय में सहायक शिक्षिका पद पर तैनात है। यह विद्यालय संसाधनों में निजी विद्यालयों से भी बेहतर है। प्रधानाध्यापक ने सामाजिक सहयोग से विद्यालय के छह कक्षा-कक्षों में टाइल्स लगाने के साथ ही दो शौचालयों का निर्माण किया है। विद्यालय में पुस्तकालय, लर्निंग कार्नर, बर्थ डे कार्नर बनाए गए हैं। साथ ही स्मार्ट चीबी, म्यूजिक सिस्टम, भोजन टेबल भी उपलब्ध है।