अल्मोड़ा। छरड़ी के बाद प्रवासियों के गंतव्य को लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार को काफी संख्या में प्रवासी महानगरों को लौटे। स्टेशन पर केमू और रोडवेज बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों में मारामारी रही। गंतव्य को बसें नहीं मिलने से यात्री परेशान रहे। वहीं, लोगों की इस परेशानी का टैक्सी और जीप वालों ने जमकर फायदा उठाया। अल्मोड़ा से हल्द्वानी का सामान्य दिनों में टैक्सी का किराया 350 रुपये है। रविवार को टैक्सी वालों ने यात्रियों से 500 रुपये वसूले और जीप का किराया 250 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये तक वसूले गए।
रविवार सुबह से ही केमू, रोडवेज स्टेशन और टैक्सी स्टैंड में यात्री आने लगे थे। दोपहर तक स्टेशनों में यात्रियों की काफी भीड़ हो गई थी। रोडवेज की कई सेवाओं का संचालन नहीं होने से यात्री परेशान रहे। वहीं, केमू की हल्द्वानी को जाने वाले बसें आसानी से नहीं मिलने से यात्री भटकते रहे। त्योहारी सीजन में बसों की किल्लत का टैक्सी और जीप चालकों ने जमकर फायदा उठाया। रविवार को टैक्सी चालकों ने यात्रियों से मनमाना किराया वसूला। टैक्सियों में अल्मोड़ा से हल्द्वानी का किराया 500 से 550 रुपये और जीपों में 300 रुपये लिया गया। जबकि समान्य दिनों में टैक्सी में अल्मोड़ा से हल्द्वानी का किराया 350 रुपये और टाटा सूमो में 250 रुपये था। किराया अधिक लेने की वजह से यात्रियों की जेब ढीली हुई। कई प्रवासियों को ड्यूटी, किसी को कालेज जाना था लिहाजा वह मजबूरी में ही अधिक किराया देकर गंतव्य को चल दिए। यात्रियों का कहना था त्योहारी सीजन में मनमाना किराये वसूलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
रोडवेज की कई सेवाएं रहीं स्थगित
अल्मोड़ा। रोडवेज की अल्मोड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-हरिद्वार, अल्मोड़ा-लमगड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-बेतालघाट, अल्मोड़ा-टनकपुर, अल्मोड़ा-धरमघर सेवाओं का संचालन ठप रहा। बसें नहीं चलने से डिपों को आर्थिक नुकसान हुआ।
दिल्ली और देहरादून को अतिरिक्त बसें चलाई
अल्मोड़ा। दिल्ली और देहरादून को काफी संख्या में प्रवासी लौटे। दिल्ली, देहरादून को रोडवेज की बसें यात्रियों से पैक होकर रवाना हुई। इन बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों में होड़ रही है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने रविवार को दिल्ली और देहरादून को अतिरिक्त बसों का संचालन किया।
अल्मोड़ा से चंडीगढ़ जा रहा हूं। स्टेशन पर रोडवेज बस का इंतजार कर रहा हूं। रोडवेज पूछताछ केंद्र से पता करने पर जानकारी दी गई है कि बस डेढ़ बजे जाएगी। लंबी दूरी की बसों का नियमित संचालन होना चाहिए जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी। आए दिन सेवा रद्द होने से यात्री परेशान रहते हैं।
- मनोज बिष्ट, अल्मोड़ा
लखनऊ जाना है। अभी बस नहीं आई है। पूछताछ करने पर पता चला है कि बस आज संचालित होगी। त्योहारी सीजन में लंबी दूरी की रूटों पर बसों की संख्या बढ़ानी चाहिए ताकि यात्रियों को आवागमन में दिक्कतें न हो।
- कमल किशोर, अल्मोड़ा
हल्द्वानी जाने के लिए बस आसानी से नहीं मिल रही है। लंबी दूरी की बसें पहले ही यात्रियों से पैक हो चुकी है। जिससे दिक्कतें आ रही है। स्थानीय रूटों पर भी अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाना चाहिए ताकि यात्री परेशान न हो।
- नंदन राम, अल्मोड़ा
कई बार स्टेशन पर ही यात्रियों को बसों के स्थगित की सूचना दी जाती है जिससे उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थगित बसों की सूचना यात्रियों को पूर्व में ही देनी चाहिए ताकि यात्री गंतव्य को जाने के लिए अन्य इंतजाम कर सके।
- हरी राम, अल्मोड़ा
टैक्सी में अल्मोड़ा से हल्द्वानी का किराया 350 रुपये है। यदि चालकों द्वारा किराया ज्यादा वसूलने की शिकायत मिली तो जांच कराकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- बालकृष्ण जोशी, कोषाध्यक्ष टैक्सी यूनियन अल्मोड़ा
रोडवेज में चालकों के कई पद रिक्त चल रहे हैं जिससे कई रूट पर बस सेवाओं का संचालन नहीं हो पा रहा है। जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक हैं वहां अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। चालकों की कमी पूरी होने पर सभी रूट पर बसों का संचालन शुुुरू हो जाएगा।
- विजय तिवारी, एजीएम, रोडवेज, अल्मोड़ा