कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज तक अपने एक भी वादे को पूरा नहीं किया। हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने, 15 लाख रुपये हर खाते में डालने, काले धन और भ्रष्टाचार को भी खत्म करने का वादा हवा हवाई रहा।
ड्रोन से पहुंचाएंगे जरूरतमंद तक दवा: राहुल
पहाड़ की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि पहाड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो आपके दरवाजे तक स्वास्थ्य व्यवस्था पहुंचाएंगे। जहां एंबुलेंस गाड़ी नहीं पहुंच सकती वहां बाइक एम्बुलेंस पहुंचाएंगे। जहां बाइक एंबुलेंस भी नहीं पहुंच सकती वहां ड्रोन की मदद से जरूरतमंदों तक दवा पहुंचाएंगे।
मेरा अंतिम चुनाव है, फिर नहीं मांगूंगा वोट: कुंजवाल
अल्मोड़ा। जनसभा में कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद कुंजवाल ने कहा आज तक लोगों ने उनका साथ दिया है। कांग्रेस को लगातार चार चुनाव यहां से जिताए हैं, यह उनका आखिरी चुनाव है। इस बार फिर जिताएं। इसके बाद वह अपने लिए वोट मांगने नहीं आएंगे। यदि जिंदा रहे तो जिसे पार्टी प्रत्याशी बनाएगी उसके लिए वोट मांगने आएंगे। स्थानीय नेताओं ने राहुल गांधी को तांबे का कलश और ऐपण से बनी चौकी भेंट की। राहुल ने कहा कि यह कलश आप लोगों ने बनाया है इसका आपको लाभ मिलना चाहिए। हस्तशिल्प को यहां विकसित कर इसका लाभ लिया जा सकता है। दन्या को उन्होंने खूबसूरत जगह बताते हुए यह भी कहा कि वह अगली बार कम से कम दो दिन के लिए यहां आएंगे।
ढाई किमी के जाम में डेढ़ घंटे फंसे रहे वाहन
अल्मोड़ा। राहुल गांधी की जनसभा को सुनने के लिए बृहस्पतिवार को दन्या कस्बे में भारी भीड़ थी। हाल यह था कि अल्मोड़ा से पहुंचने वाले वाहनों को ढाई किलोमीटर पहले ही रुकना पड़ा। जहां से लोग पैदल कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। जनसभा समाप्त होने के बाद जब कार्यकर्ताओं की भीड़ बाजार से निकली तो पैदल चलने की जगह नहीं बची। ढाई किमी तक पुलिस को जाम खोलने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हेलिकॉप्टर को देखते लोग।- फोटो : ALMORA
जागेश्वर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एंपण की नेम प्लेट भेंट करते प्रत्याशी गोविंद कुंजवाल ?- फोटो : ALMORA