अल्मोड़ा। पातलीबगड़-ममड़छीना मोटर मार्ग में सुधारीकरण कार्य पूरा नहीं होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुधारीकरण कार्य अधूरा छोड़ने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने नारेबाजी कर विरोध जताया। उन्होंने सुधारीकरण कार्य शीघ्र पूरा नहीं होने पर अल्मोड़ा-पातलीबगड़-कौसानी मोटर मार्ग में जाम लगाकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। बाद में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि पातलीबगड़-ममड़छीना मोटर मार्ग सुधारीकरण का काम एक कंपनी करा रही है। बीते चार माह से निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर कलमठों को खोद कर खाली छोड़ दिया गया है। कई स्थानों पर कलमठों की दीवार ध्वस्त हो गई हैं। इस कारण पूर्व में दो वाहन कलमठ में पलट गए। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत पहले से भी अधिक खराब हो गई है। यदि कार्यदायी कंपनी तय समय में सुधारीकरण का काम पूरा नहीं करती है तो उसे काली सूची में डाला जाए।
उन्होंने सुधारीकरण कार्य शीघ्र पूरा नहीं होने पर अल्मोड़ा-पातलीबगड़-कौसानी मोटर मार्ग में जाम कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेमा देवी, प्रधान राजेंद्र राम, भावना पांडे, पुष्पा कांडपाल, सरपंच गोविंद सिंह, अरविंद बिष्ट, महेश नयाल, आनंद डंगवाल, गोविंद सिंह आदि शामिल थे।