अल्मोड़ा में शिक्षक संघ की बैठक में मंचासीन अतिथि व अन्य
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला कार्यकारिणी की संघ भवन में हुई बैठक में शैक्षिक उन्नयन पर विकासखंडवार समीक्षा की गई। वक्ताओं ने सरकार के निजी स्कूलों को प्रोत्साहित करने की नीति का विरोध किया।
उन्होंने स्कूलों में रिक्त पदों पर नियुक्ति के साथ ही अन्य आधुनिक संसाधनों को उपलब्ध कराने की मांग की। ताकि राजकीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं को भी आधुनिक तकनीक का लाभ मिल सके। कहा कि स्कूलों में अभी तक कुछ विषयों की पाठ्य पुस्तकें प्राप्त नहीं हुई। स्कूलों में जल्द सभी विषयों की पाठय् पुस्तकें उपलब्ध कराई जाए। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों के जीपीएफ अभिलेखों में अंकना पूर्ण नहीं है। उन्हें विकास खंड स्तर पर जल्द पूरा कराया जाए। शिक्षकों के अवशेष लंबित देयकों का शीघ्र भुगतान किया जाए। विकासखंड स्तर पर चयन वेतनमान प्रकरणों का शासनादेश के अनुसार वर्ष में दो बार निस्तारण किया जाए। जिससे कि प्रकरण लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षण में नई तकनीकों और विधियों का प्रयोग शिक्षण को रोचन बना सकता है। अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष संजय बिष्ट और संचालन जिला मंत्री युगल मठपाल ने किया। इस मौके पर पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष जगत सिंह नेगी, प्रांतीय उपाध्यक्ष पंकज पांडे, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, कोषाध्यक्ष ख्याली दत्त रिखाड़ी ने विचार रखे। बैठक में पुष्कर कुंवर, राजेश जोशी, डॉ. महेंद्र मिराल, पूरन पांडे, भगवंत रावत, शोभा नेगी, कमलेश जोशी आदि मौजूद थे।