गरुड़ (बागेश्वर)। देवनाई घाटी में सोमवार रात से बिजली गुल रही। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यूपीसीएल से बिजली की आपूर्ति शीघ्र करने की मांग की है। देवनाई घाटी के पचना, बिमोला, बड़ेत, भगरतोला, उनियाड़ाक, देवनाई, मोतीसारी, कोलतुलारी आदि गांवों में सोमवार रात से बिजली गुल है। देवनाई घाटी के ग्रामीणों ने यूपीसीएल के जेई को फोन पर सूचना दी है।
बिजली की आपूर्ति बंद होने से मंगलवार को देवनाई घाटी के लघु उद्योग दिनभर ठप रहे। बच्चे ऑनलाइन कक्षाओं में जुड़ नहीं सके। बिजली गुल होने से अधिकतर उपभोक्ताओं के मोबाइल स्विच ऑफ हो गए हैं। कोलतुुलारी के पूर्व प्रधान मंगल राणा, राजेंद्र बोरा, भरत रावत, चंदन सिंह बोरा, कैलाश बोरा, प्रकाश कोहली, हरीश राम ने यूपीसीएल से घाटी में शीघ्र बिजली की आपूर्ति करने की मांग की है। वहीं यूपीसीएल के जेई आरएस बोरा ने बताया कि बारिश से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसे दुरुस्त किया जा रहा है। शीघ्र घाटी के गांवों में बिजली की आपूर्ति की जाएगी।
अल्मोड़ा में आज गुल रहेगी बिजली
अल्मोड़ा। विद्युत उप संस्थान खत्याड़ी में अनुरक्षण कार्य के कारण बुधवार को बेस अस्पताल समेत नगर के कई मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में छह घंटे बिजली गुल रहेगी।
विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता कन्हैया जी मिश्रा ने बताया कि बुधवार को 33/11 केवी विद्युत उपसंस्थान खत्याड़ी में अति आवश्यक अनुरक्षण कार्य किया जाना है।
इसके चलते 11 केवी के ब्राइटन कॉर्नर फीडर, शीतलाखेत फीडर, चौसली फीडर और मेडिकल कॉलेज फीडर से जुड़े नगर क्षेत्र के दुगालखोला, टम्टा मोहल्ला, आरके धाम, नरसिंहबाड़ी, जिलाधिकारी आवास, होटल मैनेजमेंट संस्थान, बेस अस्पताल समेत शीतलाखेत, धामस, रौनडाल, सैनार, लोधिया, चौसली आदि ग्रामीण इलाकों में सुबह 10 से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।