अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसके लिए एमआई हेलीकॉप्टर की ट्रायल लैंडिंग भी पूरी तरह सफल रही। लैंडिंग को सफल तो बताया जा रहा है, लेकिन इस मैदान में एक ही हेलीकॉप्टर उतरने के लिए स्थान है। ऐसे में प्रधानमंत्री के साथ आने वाले अन्य हेलीकॉप्टर कहां उतारे जाएंगे, यह बड़ा सवाल है।
प्रधानमंत्री मोदी का इसी महीने पहले पखवाड़े में पिथौरागढ़ और जागेश्वर धाम आने का कार्यक्रम संभावित है। पीएम के हेलीकॉप्टर लैंड कराने के लिए प्रशासन ने जागनाथ इंटर कॉलेज शौकियाथल के खेल मैदान का चयन किया है। इसी को देखते हुए सोमवार सुबह करीब नौ बजे सेना के एमआई हेलीकॉप्टर की ट्रायल लैंडिंग कराई गई, जो कि पूर्ण रूप से सफल रही। पहली बार इस मैदान में सेना का एमआई हेलीकॉप्टर पहुंचा, इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। सफल लैंडिंग से लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं था।
लोगों का कहना है कि पीएम मोदी के जागेश्वर पहुंचने पर पूरे क्षेत्र का कायाकल्प होगा और इसे नई पहचान मिलेगी। प्रधानमंत्री जागेश्वर धाम के मास्टर प्लान का शिलान्यास भी कर सकते हैं। मास्टर प्लान मूर्त रूप लेने से जागेश्वर धाम सहित आसपास के क्षेत्र सहित पूरे जिले में पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
-
सड़क पर हॉटमिक्स शुरू
अल्मोड़ा। शौकियाथल से पनुवानौला के पास तक करीब सात किमी सड़क का दायरा बदहाल है। पीएम मोदी के संभावित कार्यक्रम के चलते अब इस सड़क का कायाकल्प होने लगा है। लोनिवि ने सड़क पर हॉटमिक्स का काम शुरू किया है। रात-दिन एक कर सड़क को चकाचक करने का काम चल रहा है। वहीं आरतोला-जागेश्वर सड़क पर झाड़ियों का कटान, पैच वर्क और पैराफिट पर रंग रोगन का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
तत्परता दिखाई होती तो कम हो जाती दूरी
अल्मोड़ा। शौकियाथल-जागेश्वर निर्माणाधीन सड़क पिछले करीब सात साल से बदहाल है। इस सड़क से शौकियाथल की दूरी करीब सात किमी है। स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क सुधारीकरण की मांग कर रहे हैं। बावजूद इसके अब तक ऐसा नहीं हो सका है। यदि यह सड़क ठीक होती तो पीएम मोदी का काफिला आधे से कम समय में जागेश्वर पहुंचता। इस सड़क से वृद्ध जागेश्वर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलती।
मैदान में उतर सकता है एक ही हेलीकॉप्टर
अल्मोड़ा। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक शौकियाथल हेलीपैड में सिर्फ एक एमआई हेलीकॉप्टर उतर सकेगा। प्रधानमंत्री के काफिले में कम से कम तीन हेलीकॉप्टर शामिल होते हैं। ऐसे में अन्य हेलीकॉप्टर कहां उतारे जाएंगे, इसका जवाब भी प्रशासन को खोजना होगा। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक इसके विकल्प भी तलाशे जा रहे हैं। इस पर एसपीजी का निर्णय अंतिम होगा।
शौकियाथल में एमआई हेलीकॉप्टर की ट्रायल लैंडिंंग की गई जो सफल रही। पीएम के साथ आए अन्य हेलीकॉप्टर कहां उतरेंगे, इसका निर्णय एसपीजी लेगी। पीएम के संभावित कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।
- एनएस नगन्याल, एसडीएम, भनोली।