गरुड़ (बागेश्वर)। मैगड़स्टेट की एक महिला को खेत में घास काटने के दौरान सांप से डस लिया। महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मंजू पाल (30) पत्नी मंगल सिंह पाल निवासी मैगड़स्टेट घर के पास खेत में घास काट रही थी। इस बीच सांप ने उसे डस लिया। घायल अवस्था में मंजू घर पहुंची। परिजन उपचार के लिए उसे मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ लेकर पहुंचे जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के दो नाबालिग बच्चे है। पति गांव में खेतीबाड़ी का काम करता है। संवाद
ग्रामीणों ने सर्पदंश से मरी महिला के परिजनों को शीघ्र आर्थिक सहायता देने की मांग की है। वन रेंजर सुरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि महिला के परिजनों को शीघ्र चार लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मालूम हो कि कुछ दिन पूर्व हरबगड़ बंतोली की किशोरी किरन गोस्वामी पिछले महीने जंगल से घास लाने के दौरान सांप ने डसा था। उचित इलाज न मिलने पर किरन ने दम तोड़ दिया था।
कोट
पहाड़ी क्षेत्र में 100 में से 80 फीसदी सांप अत्यधिक जहरीले हाेते हैं। अगर किसी व्यक्ति को सांप डस ले तो जहां सांप ने डसा है उस जगह को तेजी से दबा कर रक्त बाहर निकाला देना चाहिए। झाड़ फूंक कराने से पूर्व सर्पदंश से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अपने निकटतम अस्पताल ले जाना चाहिए। अस्पताल में घायल को एंटीवेनम दिया जाता है।
- हरीश पोखरिया, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, बागेश्वर