रानीखेत (अल्मोड़ा)। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा है कि भाजपा और कांग्रेस के नेता अभी तक हुए तमाम घोटालों में एक दूसरे को बचाते आए हैं। अगर सच में ये नेता पाक साफ हैं तो उन्हें घोटालों की सीबीआई जांच करानी चाहिए। नानीसार की जमीन कौड़ियों के भाव लुटवाने वाले वर्तमान में भू कानून की बात कर रहे हैं। यह कवायद सिर्फ चुनाव से पहले चेहरा चमकाने की है।
पत्रकारों से वार्ता में तिवारी ने कहा कि भाजपा के मंत्री हरक सिंह रावत पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को बचाने की बात कर रहे हैं जबकि पूर्व सीएम हरीश रावत त्रिवेंद्र सिंह रावत के बारे में दूसरे ही विचार रख रहे हैं। दोनों दलों के नेता जनता को भ्रमित कर रहे हैं। घोटालों के मामले में एक दूसरे नेताओं को बचाने के लिए यह लोग एकजुट हो जाते हैं। तभी आज तक घोटालों से संबंधित जांचों का कोई निर्णय नहीं निकल पाया। कहा कि क्षेत्रीय दलों को एकजुट होकर एक मंच पर आना होगा तभी उत्तराखंड की अस्मिता को बचाया जा सकता है।