अल्मोड़ा। एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा और आवासीय क्षेत्र सिमकनी मैदान के आसपास बार खोलने के प्रयासों का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और रिहायशी इलाके के आसपास बार खोलने से छात्र-छात्राओं, स्थानीय लोगों में प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने डीएम नितिन सिंह भदौरिया को ज्ञापन सौंपा और बार खोलने के प्रस्ताव पर रोक लगाने की मांग की।
लोगों का कहना है कि एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा और आवासीय क्षेत्र सिमकनी मैदान के आसपास बार खोलने की तैयारियां है। विश्वविद्यालय और रिहायशी इलाके के आसपास बार खुलने पर माहौल खराब होने की आशंका है। जन हित और छात्र हित में यहां बार खोलना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने डीएम से मामले का संज्ञान लेकर बार खोलने के प्रस्ताव पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मांग पूरी न हुई तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहां जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, राजेश अल्मियां, प्रकाश लोहनी, देवेंद्र सिंह मेहरा, हर्ष सिंह बिष्ट, हरीश सिंह आदि थे।