बेस अस्पताल में ओपीडी के बाहर उमड़ी भीड़।संवाद
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। छह माह बाद मेडिकल कॉलेज (बेस अस्पताल) में सोमवार से आईपीडी और इमरजेंसी सेवाएं शुरू हुई। पहले दिन इमरजेंसी में पांच मरीज पहुंचे। वहीं आईपीडी संचालित होने के बाद तीन मरीजों को भर्ती किया गया। अस्पताल में सोमवार को ओपीडी में 280 लोग पहुंचे।
सुबह अस्पताल खुलने के बाद से ही विशेषज्ञ डॉक्टरों के कक्ष के बाहर मरीजों का जमावड़ा लगा रहा। दोपहर तक इमरजेंसी में दो मरीज पहुंचे थे। दोनों मरीजों का अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार किया गया। जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बाद में तीन और मरीज पहुंचे। हालांकि दोपहर तक कोई भी मरीज भर्ती नहीं हुआ। लेकिन शाम को तीन मरीजों को भर्ती किया गया।
सोमवार से अस्पताल में आईपीडी और इमरजेंसी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। पहले दिन ओपीडी में काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। सेवाएं जारी रहने से जिला अस्पताल पर निश्चित ही दबाव कम होगा।
-डॉ. एचसी गड़कोटी, पीएमएस बेस अस्पताल अल्मोड़ा।
डॉक्टरों और नर्सों का प्रशिक्षण शुरू
अल्मोड़ा। सोमवार को बेस अस्पताल में डॉक्टरों और स्टॉफ नर्सों का आईसीयू संचालन के लिए प्रशिक्षण शुरू हुआ। एनएचएम की ओर से आयोजित कार्यशाला का प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा, डॉ. अजय आर्या, पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी, डॉ. अमित सिंह ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। प्राचार्य ने कहा कि तीसरी लहर को लेकर हर तरह से तैयारियां की जानी जरूरी है। 30 सितंबर तक चार दिनी प्रशिक्षण कार्यशाला संचालित की जाएगी। इसमें अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले के 25 डॉक्टर और 25 स्टाफ नर्स ने हिस्सा लिया। वहां पर डॉ. अमित सिंह, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. गीता भंडारी, डॉ. विनायक आदि थे।