गरुड़ (बागेश्वर)। नवगठित गरुड़ नगर पंचायत की अधिसूचना शासन ने जारी कर दी है। नगर पंचायत की आबादी 5002 होगी। नगर पंचायत का गजट नोटिफिकेशन जारी होने के बाद चार ग्राम पंचायतों समेत एक बीडीसी सदस्य के निर्वाचन के क्षेत्र का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा, जबकि 19 भकुनखोला जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र का नाम बदल जाएगा।
नगर पंचायत बनाने की मांग वर्षों पुरानी है। नगर पंचायत का दर्जा देने के लिए गरुड़ क्षेत्र के लोगों ने कई बार आंदोलन किए। विधायक चंदन राम दास और भाजपा के जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने नगर के लोगों को आश्वासन दिया था कि गरुड़ को शीघ्र नगर पंचायत का दर्जा दिलाया जाएगा।
पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जब गैरसैंण को अलग मंडल बनाने की घोषणा की तब उन्होंने गरुड़ नगर पंचायत की घोषणा कर नगर पंचायत के भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। अब शासन ने शुक्रवार को नगर पंचायत गरुड़ की अधिसूचना जारी कर दी है। नगर पंचायत की कुल आबादी 5002 होगी।
नगर पंचायत शामिल गांव भकुनखोला में 885, नौघर में 874, फुलवारीगूंठ में 761, स्याल्देटीट में 383 लोग रहते हैं। इस नगर निकाय में गढ़सेर, सिल्ली, दर्शानी, पाये गांव को आंशिक रूप से शामिल किया गया है। गरुड़ नगर पंचायत के अस्तित्व में आने पर गढ़सेर बीडीसी निर्वाचन क्षेत्र समाप्त हो जाएगा। वहीं नौघर, स्याल्देटीट, भकुनखोला, फुुलवारीगूंठ ग्राम पंचायत नगर पंचायत विलीन हो जाएंगी।
पंचायत निर्वाचन क्षेत्रों का भी दोबारा होगा परिसीमन
गरुड़ (बागेश्वर)। नगर पंचायत गठन के बाद जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र 19 भकुनखोला जिले का सबसे छोटा जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र हो जाएगा। जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र भकुनखोला से जनार्दन लोहनी निर्वाचित सदस्य हैं।
भकुनखोला निर्वाचन क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत होने पर निर्वाचन आयोग जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र का नाम भकुनखोला रखा। गरुड़ नगर पंचायत के अस्तित्व में आने के बाद निर्वाचन आयोग को सबसे पहले निर्वाचन क्षेत्र का नाम बदलने के साथ ही जिला पंचायत क्षेत्र का सीमांकन भी करना होगा।
नगर पंचायत बनने पर जताई खुशी
गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ नगर पंचायत की अधिसूचना जारी होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापार संघ गरुड़ के व्यापारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट और विधायक चंदन दास का आभार जताया।
नगर पंचायत की अधिसूचना जारी होने पर ब्लॉक प्रमुख हेमा बिष्ट, भाजपा के मंडल अध्यक्ष हरीश रावत, मंगल राणा, इंद्र सिंह बिष्ट, लक्ष्मी दत्त पांडे, बहादुर कोरंगा, चंदू बोरा, शशांक रावत ने खुशी जताई है।
एसडीएम जयवर्धन शर्मा ने बताया कि गजट जारी होते ही गरुड़ नगर पंचायत विधिवत गठन की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। नगर पंचायत के भवन के निर्माण के लिए प्रशासन ने जमीन चयनित कर ली है।