अल्मोड़ा। साल के पहले दिन शनिवार को लोगों ने मंदिरों में शीश नवाकर नए साल के पहले दिन की शुरुआत की। जागेश्वर धाम, चितई गोलू देवता सहित अन्य मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार रही। लोगों को पूजा-अर्चना करने के लिए इंतजार करना पड़ा।
शनिवार को लोगों ने मंदिर में दर्शन कर नए साल की शुरुआत की। जागेश्वर धाम, चितई स्थित गोलू देवता मंदिर, नंदादेवी मंदिर, गैराड़, कसारदेवी, बानणी देवी, उल्का देवी समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में लोगों ने लाइन में लगकर दर्शन किए। लोगों ने मंदिरों में पूजा-पाठ कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। मंदिरों में भीड़ के चलते सुबह से ही रौनक रही। मंदिर पहुंचने वालों में पर्यटक भी शामिल रहे।
होटल-रेस्टोरेंट में रही भीड़
अल्मोड़ा। नए साल के पहले दिन होटलों-रेस्टोरेंट में रौनक रही। युवाओं ने सामूहिक पार्टी का आयोजन कर नए साल का जश्न मनाया। लोगों ने घरों में व्यंजन बनाए। साल के पहले दिन मिठाई की दुकानों में भी भीड़ रही।
नए साल पर मंदिरों में की देश की खुशहाली की कामना
रानीखेत/द्वाराहाट/गरुड़ (बागेश्वर)। नए साल पर रानीखेत, द्वाराहाट, द्वाराहाट के मंदिरों में पूजा-अर्चना करने वालों की भीड़ लगी रही। रानीखेत के पंचेश्वर, झूला देवी मंदिर, राम मंदिर आदि धर्मस्थलों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर नए साल पर क्षेत्र, देश, प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
द्वाराहाट के दूनागिरी मंदिर में सुबह कपाट खुलने से पहले दर्शनार्थियों की भीड़ लगने लगी थी। वहीं नैथना देवी, मानिला देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। नव वर्ष पर बैजनाथ मंदिर, प्रकटेश्वर, कोट भ्रामरी मंदिर, नर सिंह मंदिर में दूरदराज से आये लोगों ने पूजा की। सैकड़ों लोगों ने बैजनाथ झील में नौकायन किया।