ानीखेत का एनसीसी मैदान यहीं पर बनेगा खेल स्टेडियम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नया साल 2022 रानीखेत के युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए नई सौगात ला सकता है। एनसीसी मैदान खेल स्टेडियम के रूप में विकसित हो सकता है। छावनी परिषद के अधिकारी जिस तरह से स्टेडियम निर्माण के लिए रुचि दिखा रहे हैं, उससे यह कार्य आसानी से हो सकता है। स्टेडियम निर्माण के लिए पहले चरण में डीपीआर के लिए निविदाएं भी लगा दी गई हैं। यह युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है।
नगरवासी आजादी के बाद से ही अदद खेल मैदान के लिए तरस रहे हैं। यहां चार मैदान हैं लेकिन यह सब सेना के अधीन हैं। पहले सेना की तरफ से नागरिकों के लिए मैदान मिल जाते थे, लेकिन पिछले दो दशक से यह परंपरा बंद हो चुकी है। स्टेडियम अथवा खेल मैदान न होने से युवाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मैदान के अभाव में यहां वर्षों से उत्सवों की परंपरा भी सिमट चुकी है।
वर्ष 2016 में तत्कालीन राज्य सरकार ने रानीखेत के लिए खेल स्टेडियम स्वीकृत कराया, लेकिन चयनित स्थल पर पेड़ों की अधिकता का मामला आने के बाद यह कार्रवाई फिलहाल ठंडे बस्ते में है। पिछले दिनों यहां रक्षा संपदा के महानिदेशक अजय कुमार शर्मा पहुंचे। स्थानीय नागरिकों ने उनसे खेल स्टेडियम की मांग की।
डीजी ने कहा कि पास ही एनसीसी मैदान को लीज पर देकर वहां स्टेडियम का निर्माण हो सकता है। कैंट बोर्ड के अधिकारी भी अब स्टेडियम निर्माण की कवायद में जुट गए हैं। मैदान को विकसित कर स्टेडियम का रूप दिया जाएगा। यह कार्य 2022 में पूरा होने की उम्मीद भी जगी है। फिलहाल छावनी परिषद ने इसके लिए निविदाएं भी निकाल दीं हैं। संवाद
एनसीसी मैदान को विकसित कर यहां स्टेडियम का निर्माण होना है। छावनी परिषद ने फिलहाल डीपीआर बनाने के लिए टेंडर निकाल दिए हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-गोपाल बिष्ट, जेई, छावनी परिषद, रानीखेत।