ताड़ीखेत में एनसीसी कैडेटों का प्रशिक्षण देते अधिकारी। संवाद
- फोटो : RANIKHET
ताड़ीखेत (अल्मोड़ा)। 77वीं यूके वाहिनी अल्मोड़ा का संयुक्त वार्षिक एनसीसी प्रशिक्षण शिविर जवाहर नवोदय विद्यालय और चौबटिया में शुरू हो गया है। 13 जुलाई तक चलने वाले इस शिविर में एनसीसी कैडिटों को हथियार, युद्ध कार्यशैली, ड्रिल, व्यायाम और योग सहित अन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में इंटर कालेजों के अलावा डिग्री कालेज, पालीटेक्निक और इंजीनियरिंग कालेज के कैडेट भी भाग ले रहे हैं।
चौबटिया और जवाहर नवोदय विद्यालय दोनों स्थानों पर एनसीसी कैडेटों को अनुशासन में रहकर राष्ट्र निर्माण करने के गुर भी सिखाए जा रहे हैं। कमान अधिकारी कर्नल अनिल बोस ने कहा कि एनसीसी का मतलब ही कैडेटों में अनुशासन का विकास करना है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट हमेशा अनुशासन में रहकर कार्य करें, इसी की सीख प्रशिक्षण में दी जाती है। उन्होंने प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रचार्य डीएस रावत ने भी एनसीसी कैडेटों को उनके कर्तव्य बताए, कहा कि अनुशासन में रहकर ही देश को आगे ले जाया जा सकता है। प्रशिक्षण एनसीसी अधिकारी तारा सिंह अधिकारी, डा. निशा, गिरधर कांडपाल, सूमे विजय सिंह मेहरा, गिरीश चंद्र, नायब सूबेदार केदार सिंह आदि दे रहे हैं। चौबटिया में भी कैडेटों को चरित्र निर्माण तथा एनसीसी के उद्देश्य समझाए गए।