अल्मोड़ा। नंदादेवी महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। बृहस्पतिवार को विभिन्न क्षेत्रों से आए महिला दलों ने झोड़े गाते हुए नगर में शानदार जुलूस निकाला। बाजार में जगह-जगह झोड़े गाए। सुबह खोल्टा से कदली वृक्षों को शोभा यात्रा के साथ नंदादेवी मंदिर परिसर लाया गया। चंदवंशज सांसद केसी सिंह बाबा ने नंदादेवी मंदिर में कदली वृक्षों की पूजा की। इसके बाद मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों का निर्माण शुरू हुआ। रात को मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। मंदिर में अष्टमी की पूजा शुक्रवार नौ सितंबर को होगी।
बृहस्पतिवार सुबह खोल्टा से श्रद्धालु शोभायात्रा के साथ कदली वृक्षों को नंदादेवी मंदिर परिसर में लाए। इसके बाद चंद वंशज केसी सिंह बाबा ने कदली वृक्षों की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। मंदिर में स्थानीय कलाकारों द्वारा मां-नंदा सुनंदा की मूर्तियों का निर्माण किया गया। रात को मां नंदा सुनंदा की मूर्तियों की मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की गई।
दिन में पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने कलक्ट्रेट स्थित राम शिला मंदिर से कचहरी बाजार, लाला बाजार होते हुए नंदादेवी मंदिर तक झोड़े गाते हुए जुलूस निकाला। जुलूस में महिलाएं झोड़े और पहाड़ी गीत गाते हुए चल रही थीं। इसके बाद नंदादेवी मंदिर प्रांगण में महिलाओं की झोड़ा प्रतियोगिता हुई। जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संचालन प्रीति बिष्ट, मनोज वर्मा और मनोज सनवाल ने किया। इससे पहले गत रात विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए।
अल्मोड़ा। झोड़ा प्रतियोगिता में महिला समिति धारानौला प्रथम, सरोजना महिला समिति द्वितीय और महिला दल थपलिया, रैलीपाली, दरबारीनगर ने तीसरा स्थान पाया। निर्णायक चंदन सिंह नैनवाल, नारायण सिंह थापा, नवीन बिष्ट, प्रकाश बिष्ट थे। प्रतियोगिता में कुल पंद्रह टीमों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि संसदीय सचिव मनोज तिवारी ने पुरस्कार बांटे। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष शिरीष पांडे, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, नगर अध्यक्ष पूरन रौतला, किशन गुरुरानी, तारा चंद्र जोशी, मुन्ना वर्मा, एलके पंत समेत मेला समिति के पदाधिकारी मौजूद थे।