अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड में बुधवार की रात हुई तेज बारिश के बाद बिजली और पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। सल्ट के 150 से अधिक गांवों में करीब 20 घंटे तक बिजली गुल रही। इससे यहां की 40,000 से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, ऊर्जा निगम के अधिकारियों का दावा है कि कुछ इलाकों में फाल्ट ढूंढकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। जबकि ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में अब तक दिक्कत बनी हुई है।
बुधवार की देर रात जिले भर में जोरदार बारिश हुई। बारिश होने के कारण सल्ट विकास खंड को बिजली की आपूर्ति करने वाली लाइनों में फाल्ट आ गया। इस कारण विकासखंड के 150 से अधिक गांवों में बत्ती गुल हो गई। बृहस्पतिवार को भी बिजली की आपूर्ति सुचारु न होने के कारण सरकारी और गैस सरकारी कार्यालयों में काम प्रभावित रहा और व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को दी। लेकिन इसके बाद भी बिजली की आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जरा सी बारिश होने पर क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बाधित हो जाती है लेकिन कई बार की शिकायतों के बाद भी निगम लाइनों को दुरुस्त नहीं कर रहा है।
कार्य बहिष्कार पर ऊर्जा निगम के आउटसोर्स कर्मचारी
लगातार हो रही बारिश के कारण लाइनों में फाल्ट आ गया था। जिसे कई जगहों पर अब ठीक कर लिया गया है। शीघ्र ही सभी क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
-तसनीफ अनवर, एसडीओ, ऊर्जा निगम